हम अपने दिल का हाल बताएँगे, तो लोग क्या कहेंगे?
जो बरसों से छुपाया है, दिखाएँगे, तो लोग क्या कहेंगे?
तमाम उम्र अपनी चाहतों को मारते आए,
अब अपने ख़्वाब फिर से सजाएँगे, तो लोग क्या कहेंगे?
किसी की सोच के डर से कई रिश्ते निभाए हैं,
अब अपने मन की राह अपनाएँगे, तो लोग क्या कहेंगे?
जो सच है, वह कहेंगे, चाहे दुनिया रूठ जाए,
अगर झूठे उसूलों को मिटाएँगे, तो लोग क्या कहेंगे?
कभी तो ख़ुद के लिए भी जीने का हक़ माँगेंगे,
अगर अपने लिए आवाज़ उठाएँगे, तो लोग क्या कहेंगे?
बहुत जी ली है हमने दूसरों की सोच के साए में,
अब अपनी ज़िंदगी ख़ुद बनाएँगे, तो लोग क्या कहेंगे?
लोग क्या कहेंगे/कविता/निराली ठोरिया
