+91-9997111311,    support@sahityaratan.com

नई कहानी हूँ क़िस्सा सुना सुनाया नईं/ग़ज़ल/सुभाष पाठक’ज़िया’

नई कहानी हूँ क़िस्सा सुना सुनाया नईं
मैं ताज़ा बूँद हूँ,पानी बहा बहाया नईं

भले बुलंदी ज़रा कम हो पर वो अपनी हो
मक़ाम चाहिए ख़ुद का बना बनाया नईं

फ़क़त तू राह दिखा दौड़ मैं लगाऊँगा
मुझे चराग़ दे लेकिन जला जलाया नईं

अभी तलक तो यहाँ आना चाहिए था उसे
किसी से मैंने कहा था बुला बुलाया नईं

नदी की धार के विपरीत बह सकोगे क्या
सभी ख़िलाफ़ हैं तुम साथ रह सकोगे क्या

मुझे यक़ीन है ग़म में रहोगे मेरे साथ
मगर बताओ ख़ुशी मेरी सह सकोगे क्या

वो बात जो सभी को नागवार गुज़रेगी
अगर ज़रूरी हुई तो वो कह सकोगे क्या

किनारे देख के समझो न शोर सागर को
सुकून भी है, उतर गहरे दह सकोगे क्या

‘ज़िया’ खटकने लगो गर किसी की आँखों में
तो जैसे रेत की दीवार ढह सकोगे क्या

 

लेखक

  • सुभाष पाठक'ज़िया' जन्मतिथि- 15 सितम्बर 1990 प्रकाशन- 1'दिल धड़कता है' (ग़ज़ल संग्रह)2020 2.‘तुम्हीं से ज़िया है’ (ग़ज़ल संग्रह) 2022 3. हम लिखें ज़िन्दगी ज़िन्दगी (ग़ज़ल संग्रह) 2023 संपादन - 1. 'ये नये मिज़ाज का शहर है' (ग़ज़ल संग्रह) 2021 2. 'ये असर होता है दुआओं में' (ग़ज़ल संग्रह) 2023 सम्मान - 1.ग़ज़ल संग्रह 'हम लिखें ज़िन्दगी ज़िन्दगी' ,मध्यप्रदेश उर्दू अकादमी,मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद 'पन्नालाल श्रीवास्तव' 'नूर' सम्मान 2023 से पुरस्कृत। 2.ग़ज़ल संग्रह 'तुम्हीं से ज़िया है' हेमन्त फाउंडेशन के प्रतिष्ठित पुरस्कार 'हेमन्त स्मृति कविता सम्मान' 2022 से पुरस्कृत 3. महमूद ज़की ग़ज़ल सम्मान 2024, मप्र.लेखक संघ भोपाल, कैलाश गौतम सम्मान, गुफ़्तगू प्रयागराज 2024, सुधा काशिव ग़ज़ल सम्मान नागपुर, 2024, पुनर्नवा सम्मान 2019 मप्र हिंदी साहित्य सम्मेलन, शाद अज़ीमाबादी सम्मान 2021 पटना, अदबी उड़ान ग़ज़ल सम्मान उदयपुर 2017, एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा सम्मानित पता - ग्राम व पोस्ट समोहा, तहसील करेरा,ज़िला शिवपुरी, मध्यप्रदेश 473660 मो. 8878355676

    View all posts
नई कहानी हूँ क़िस्सा सुना सुनाया नईं/ग़ज़ल/सुभाष पाठक’ज़िया’

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

×